See
News
Videos
🚨 Breaking News :
उज्जैन: महाकालेश्वर मंदिर परिसर में भीषण आग लगी, दमकल गाड़ियां पहुंचीं | 🚨 | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने मुलाकात की | 🚨 | नड्डा की अध्यक्षता में BJP मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिवों की बैठक जारी | 🚨 | किसान मजदूर संघर्ष समिति ने 7 मई को रेल रोकने का ऐलान किया | 🚨 | संभल मंदिर-मस्जिद विवाद पर आज इलाहाबाद हाईकोर्ट में फिर होगी सुनवाई | 🚨 |

News details

image
Uploaded On 2025-02-15 12:17:35

बुलंदशहर में ट्रक टक्कर से महिला की मौत, 14 घायल, पुलिस जांच जारी, आरोपी फरार

बुलंदशहर में ट्रक टक्कर से महिला की मौत, 14 घायल, पुलिस जांच जारी, आरोपी फरार

बुलंदशहर। जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें भात न्यौत कर शिकारपुर से लौट रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार लोगों को एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार 45 वर्षीय महिला शिमला देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 अन्य लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना सलेमपुर थाना क्षेत्र के गांव मुकेरा मोड़ पर हुई, जब राकेश कुमार के परिवार के लोग शादी का न्योता देकर लौट रहे थे।  


राकेश कुमार के बेटे बिट्टू की शादी आगामी 1 मार्च को तय हुई थी। इसी सिलसिले में शुक्रवार को राकेश अपने परिवार और मोहल्ले के कुल 17 लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अपनी ससुराल शिकारपुर के मोहल्ला अंबेडकरनगर गए थे। वहां भात न्यौतने के बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। जब यह लोग सलेमपुर थाना क्षेत्र के मुकेरा मोड़ के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे सवार सभी लोग घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।  


सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को शिकारपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद 45 वर्षीय शिमला देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो लोगों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। हादसे के बाद परिवार और गांव में मातम छा गया। शादी की खुशियां गम में बदल गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।  


एसपी देहात रोहित मिश्र ने जानकारी दी कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक की तलाश के लिए चेकिंग अभियान तेज कर दिया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया है। इस हादसे में घायल हुए लोगों में सुखवीर, नीतू, पूनम, सुमन, राखी, उमा, चमन, सूरजमुखी, सुनहरा, हवाई, इशू, प्राची, रेखा देवी, बुरा और राकेश शामिल हैं।