See
News
Videos
🚨 Breaking News :
उज्जैन: महाकालेश्वर मंदिर परिसर में भीषण आग लगी, दमकल गाड़ियां पहुंचीं | 🚨 | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने मुलाकात की | 🚨 | नड्डा की अध्यक्षता में BJP मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिवों की बैठक जारी | 🚨 | किसान मजदूर संघर्ष समिति ने 7 मई को रेल रोकने का ऐलान किया | 🚨 | संभल मंदिर-मस्जिद विवाद पर आज इलाहाबाद हाईकोर्ट में फिर होगी सुनवाई | 🚨 |

News details

image
Uploaded On 2024-11-21 12:45:32

भाजपा वोट से नहीं खोट से जीतना चाहती है चुनाव: अखिलेश

चुनाव में हार के डर से भाजपा प्रशासन से बेईमानी करा रही है। दबाव डाल रही है।

लखनऊ । समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उपचुनाव में धांधली करने का आरोप लगाते हुये कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वोट से नहीं बल्कि खोट से चुनाव जीतना चाहती है। श्री यादव ने पार्टी ऑफिस में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चुनाव में हार के डर से भाजपा प्रशासन से बेईमानी करा रही है। दबाव डाल रही है। समाजवादी पार्टी के मतदाताओं को वोट डालने से रोका जा रहा है। भाजपा वोट से नहीं खोट से उपचुनाव जीतना चाहती है। समाजवादी पार्टी ने मतदान शुरू होने के बाद से ही कुंदरकी, सीसामऊ, कटेहरी, करहल, मझवां, फूलपुर, समेत अन्य सीटों पर पुलिस प्रशासन की ज्यादती की शिकायतें की, लेकिन ऐसा लगता है, चुनाव आयोग की इन्द्रियां काम नहीं कर रही है। न दिखाई दे रहा, न सुनाई दे रहा है। उन्होने कहा कि भाजपा अधिकारियों से धांधली करा रही है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वे सब बूथों पर डटे रहें। वोट डाल कर ही मतदान केन्द्र से वापस जाएं। अगर कोई एक बार रोके तो दूसरी बार जाये, तीसरी बार जायें लेकिन वोट जरूर डालें। वोट डालना जनता का संवैधानिक अधिकार है। अतः वोट जरूर डाले। चुनाव आयोग ने भी कहा है कि पुलिस किसी मतदाता की आईडी चेक नहीं कर सकती। श्री यादव ने कहा भाजपा उपचुनाव के लिए बेईमानी कर रही है, क्योंकि उसे जनता के साथ उसके अपने भी हरा रहे हैं। उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री हिल गए है, उनका सिंहासन हिल रहा है। भाजपा अपनी अन्दरूनी लड़ाई के कारण वोट की कमी को विपक्ष के वोटर का वोट रोक कर पूरा करना चाहती है। भाजपा के वोटर दुखी और परेशान हैं, वे नहीं निकल रहे हैं, जो निकल रहे हैं, वे भाजपा के खिलाफ वोट डाल रहे हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग वोट डालने से रोकने वालों और मतदान में गड़बड़ी करने वालों का वीडियों एकत्र कर रहे हैं। गड़बड़ी में जो पुलिस-प्रशासन के लोग शामिल हैं, उनके नाम और पदनाम की जानकारी करें। दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा। चुनाव का परिणाम तो समाजवादी पार्टी के ही पक्ष में आयेगा लेकिन मतदान में बाधा डालने वालों के खिलाफ मामले को कोर्ट में ले जाएंगे। कोर्ट इन दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगा। न्यायालय किसी को नहीं छोड़ेगा। दोषियों की नौकरी, पीएफ और पेंषन भी खत्म होगी। इनकी इज्जत भी जाएगी। बेईमानी का ठप्पा लगवा कर ये अपनी जिन्दगी बर्बाद कर लेंगे। श्री यादव ने कहा कि मतदान में धांधली को लेकर मेरी मुख्य चुनाव आयुक्त से बात हुई है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि जो भी अधिकारी चुनाव प्रक्रिया की धांधली में दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के जिन अधिकारियों ने मतदाताओं को वोट डालने से रोकने का काम किया है उनके बारे में पूरी जानकारी करके बताएंगे, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई कराएंगे। उन्होने कहा कि वोट देने का अधिकार संविधान में बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर ने दिया, हर मतदाता को वोट डालने का अधिकार है। लोकतंत्र में भाजपा वोट देने का अधिकार छीन रही है। भाजपा का व्यवहार लोकतंत्र के लिए घातक है। भाजपा के लोग झूठे है।